मतदाता सूची के सत्यापन में जुटे बीएलओ, एसडीएम ने की लोगों से सहयोग की अपील
चार नवंबर से चल रहा है विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) सर्वे अभियान
बिल्सी। विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) सर्वे अभियान के तहत बिल्सी क्षेत्र में मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य जोरों पर चल रहा है। यह अभियान चार नवंबर से शुरू हुआ है, जिसके तहत निर्वाचन विभाग की ओर से नियुक्त बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।
शनिवार को उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह ने क्षेत्र के गांव खैरी और मोहल्ला संख्या दो में पहुंचकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण कराया और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे बीएलओ का पूर्ण सहयोग करें ताकि सही, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
एसडीएम ने बताया कि एसआईआर सर्वे के दौरान 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा रहे हैं, वहीं मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में अधिकारी और कर्मचारी पूरी तत्परता से कार्य में जुटे हुए हैं। बीएलओ घर-घर जाकर नागरिकों से आवश्यक विवरण लेकर गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं।
एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने नागरिकों से यह भी अपील की कि बीएलओ या सर्वे टीम के घर आने पर पहचान पत्र, आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज अवश्य उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि हर पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा योगदान है।
*(संवाददाता :
Budaun Amarprabhat