बदायूं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को पूनम लॉन में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 281 हिंदू जोड़ों का विवाह और 14 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। इस तरह कुल 295 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और बिल्सी विधायक हरीश शाक्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सदर विधायक ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए आपसी सम्मान और परिवार के प्रति जिम्मेदारी निभाने की बात कही। बिल्सी विधायक ने भी सभी जोड़ों के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये का लाभ निर्धारित है। इसमें 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च और शेष 64 हजार रुपये वधू के खाते में जमा किए जाते हैं।
समारोह के अंत में प्रतीकात्मक रूप से कुछ जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र और उपहार सामग्री वितरित की गई। अतिथियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, पीडी डीआरडीए सत्येंद्र सिंह, डीसी एनआरएलएस रवि प्रकाश, ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र राजपूत और रेखारानी, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा सहित संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।
Budaun Amarprabhat