बदायूँ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के दिशा-निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री विवेक संगल के आदेश के अनुपालन में आगामी 1 नवंबर 2026 को जनपद में एक दिवसीय मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया जाएगा।
अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन/त्वरित न्यायाधीश एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अंकित रस्तोगी ने बताया कि इस वृहद शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्तियों को सीधे लाभ पहुंचाना है। इसके तहत सभी प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आम जनमानस को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी व विकासपरक योजनाओं से मौके पर ही आच्छादित कराया जाएगा।
शिविर के सफल व सुचारू आयोजन को लेकर सोमवार दोपहर 1:30 बजे न्यायिक शिविर समिति की बैठक आयोजित हुई। समिति की अध्यक्षा व प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री रिन्कू, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) राजवीर सिंह, षष्ठम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषि कुमार, प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम सागर तायल की उपस्थिति में प्रतिसार निरीक्षक आरक्षित पुलिस लाइन के साथ सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सुरक्षा के कड़े व चाक-चौबंद प्रबंध सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।
तैयारियों के क्रम में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग की डॉग स्क्वॉड टीम स्निफर डॉग द्वारा संपूर्ण जनपद न्यायालय परिसर की सघन जांच-पड़ताल की गई। शिविर के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए पर्चे, पोस्टर और बैनर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान भी चलाया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 1 नवंबर को आयोजित होने वाले इस वृहद विधिक एवं सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सेवाओं का लाभ उठाएं।
Budaun Amarprabhat