बदायूं। जनपद बदायूं के विकासखण्ड दातागंज के सभागार में चार विकास खण्डों — उसावा, म्याऊं, दातागंज और समरेर — के पंचायत सचिवों एवं ग्राम प्रधानों के लिए एक दिवसीय ओएसआर (ऑन सोर्स रेवेन्यू) प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को उनकी स्वयं की आय के स्रोत बढ़ाने एवं स्थानीय स्तर पर आर्थिक सुदृढ़ता सुनिश्चित करने के तरीकों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख कुवर अतेंद्र विक्रम सिंह उर्फ अंकित भैया ने दीप प्रज्वलित करके किया। तत्पश्चात अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर परिचय कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ईश वंदना से हुई।
मास्टर ट्रेनर राजेश कुमार सक्सेना एवं सुरेंद्र सिंह ने ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सीएससी, आधार सेंटर, मछली पालन, भूमि खनन, व्यवसाय कर, कूड़ा संग्रहण, बाजार एवं हाट, मेला आयोजन, टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहन कर, भवन कर, जल कर, प्रकाश व्यवस्था कर, भवन निर्माण के माध्यम से किराया वसूल कर अपनी आय आसानी से बढ़ा सकती हैं। इसके साथ ही व्यवहार विज्ञान के सिद्धांतों का उपयोग कर पंचायतों को अधिक प्रभावी और स्वावलंबी बनाया जा सकता है।
कार्यशाला में एडीओआईएसबी अरविंद कुमार, सचिव नेम सिंह, मनोज कुमार राम, सूरजभान कश्यप, रजत, सुधीर कुमार सिंह सहित ग्राम प्रधान हुमा बी, सरिता राठौर, अल्पना सिंह, सुरेश चंद्र, चंद्रपाल, वीरेंद्र पाल, ध्यान पाल सिंह आदि ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
विकासखण्ड दातागंज के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्राम पंचायतों के लिए मार्गदर्शक साबित होंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक विकास एवं प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने में सहायक होंगे।
Budaun Amarprabhat