संवाददाता, बदायूं।
भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित ग्रैंड फिनाले डायमंड जुबली जंबूरी — 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी 23 से 29 नवंबर तक लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, वृंदावन योजना सेक्टर-15 में भव्य स्तर पर आयोजित की जा रही है। इस राष्ट्रीय जंबूरी में बदायूं जिले से 105 से अधिक स्काउट–गाइड एवं यूनिट लीडर प्रतिभाग कर रहे हैं।
बरेली मंडल विशेष रूप से पीजेंड शो, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोग्राम, प्रदर्शनी और फ्रूट प्लाज़ा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। प्रतिभागियों को 20 नवंबर की सुबह 8 बजे स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त एडवोकेट महेश चंद्र सक्सेना, डीएम एवं संस्था अध्यक्ष अवनीश राय, उपाध्यक्ष डीआईओएस लालजी यादव और बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस भव्य जंबूरी का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और समापन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाएगा। जंबूरी में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 30,000 स्काउट–गाइड, 2,000 विदेशी प्रतिभागी, 3,000 अधिकारी–कर्मचारी एवं स्वयंसेवक शामिल होंगे।
जंबूरी स्थल पर विश्व स्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं —
3500 टेंट, 1600 स्नानघर, 1600 शौचालय, 64 रसोईघर, 100 बिस्तरों का अस्पताल व डिस्पेंसरी, 100 प्रदर्शनी स्टॉल, जंबूरी मार्केट, दो बड़े मीटिंग हॉल, यूपी प्रदर्शनी हाल, वाई-फाई जोन, विभागीय कार्यालय, एडवेंचर एरिया, हाई रोप्स, एडवेंचर पार्क, ग्लोबल विलेज और शुद्ध पेयजल हेतु वाटर एटीएम आदि तैयार कर दिए गए हैं।
जिले से स्काउट–गाइड प्रतिभागियों का दल डीटीसी सतपाल गुप्ता के नेतृत्व में बस द्वारा लखनऊ रवाना होगा। जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने हेतु पहले ही जंबूरी स्थल पहुंच चुके हैं।
इन विद्यालयों के दल होंगे शामिल:
श्री कृष्णा इंटर कॉलेज, कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज, पन्नालाल इंटर कॉलेज सहसवान, प्रमोद इंटर कॉलेज सहसवान, राधेलाल इंटर कॉलेज कछला, मदनलाल इंटर कॉलेज बिसौली, संविलियन विद्यालय हर्रायपुर तथा स्वतंत्र दलों के स्काउट–गाइड।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जंबूरी अंतरराष्ट्रीय भाईचारे, जीवन मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता का अद्भुत अनुभव कराती है। जंबूरी की अवधारणा 1960 में इंग्लैंड के ब्राउन सी द्वीप पर स्काउटिंग के संस्थापक लॉर्ड बेडेन पावेल द्वारा रखी गई थी। भारत में पहली राष्ट्रीय जंबूरी 1953 में हैदराबाद में आयोजित हुई थी। 61 वर्षों बाद उत्तर प्रदेश एक बार फिर राष्ट्रीय जंबूरी की मेजबानी कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार जंबूरी को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियाँ निभा रहे हैं।
जंबूरी की प्रमुख गतिविधियाँ:
साहसिक गतिविधियाँ:
हाई रोप्स, ज़िपलाइन, एडवेंचर पार्क, ट्रैकिंग।
सांस्कृतिक कार्यक्रम:
लोक नृत्य, नाटक, गीत, ग्लोबल विलेज।
शैक्षिक गतिविधियाँ:
गांठें–बंधन, प्राथमिक उपचार, जीवन रक्षा कौशल।
विज्ञान एवं तकनीकी:
रोबोटिक्स, विज्ञान प्रदर्शनी।
सेवा गतिविधियाँ:
पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा प्रोजेक्ट।
खेलकूद:
टीम गेम्स, स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएँ।
जिले से जंबूरी में शामिल होने वाले स्काउट–गाइडों में उत्साह का वातावरण है।
Budaun Amarprabhat