Breaking News

भीषण आग से दहशत: न्यायिक अधिकारी के आवास की दूसरी मंजिल जलकर राख, फायर ब्रिगेड ने 20 मिनट में पाया काबू

Spread the love

संवाददाता — बरेली

सिविल लाइंस स्थित आवास विकास कॉलोनी में मंगलवार सुबह अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। जिला न्यायालय में तैनात न्यायिक अधिकारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी के आवास की दूसरी मंजिल पर भड़की आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे दूसरी मंजिल पर बने पूजा कक्ष के पास रखे इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली और कमरे में आग भड़क गई। लपटें इतनी तेज थीं कि वहां रखा फर्नीचर, कपड़े और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय न्यायिक अधिकारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी कोर्ट में मौजूद थे, जबकि घर पर परिवार और किराएदार उपस्थित थे। अचानक उठी आग की लपटों से बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य घबरा गए और घर से बाहर निकल आए।

सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियाँ तत्काल मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए मात्र 15–20 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दूसरी मंजिल का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।

ऊंची लपटें और धुआं देखकर कॉलोनी के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही प्रमुख वजह माना जा रहा है।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच गई, वरना पूरा भवन आग की चपेट में आ सकता था। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

शुक्र, शनि और नेपच्यून की युति से दो रातों में बनेगा खास दृश्य

Spread the love7 और 8 मार्च को आकाश में दिखेगा दुर्लभ खगोलीय नजारा संवाददाता : …

error: Content is protected !!