— संवाददाता गोविंद देवल
बदायूँ।
29 नवम्बर को मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने दातागंज तहसील विधानसभा में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र अपना मतदाता पहचान पत्र बनवाने से न छूटे। उन्होंने अपनी भाग संख्या का कार्य सर्वप्रथम पूर्ण करने वाले आंगनबाड़ी अनुपम सिंह, बबीता गुप्ता, शारदा और रोजगार सेवक हरिओम सहित चार बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मण्डलायुक्त ने मतदाता सूची के त्रुटिहीन और पारदर्शी निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य निष्पक्ष और सूचितापूर्ण ढंग से संपन्न किया जाए।
उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का आधार 01 जनवरी 2026 है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे निरंतर कार्यों की समीक्षा करें। साथ ही सरकार ने हाल ही में बीएलओ को दिए जाने वाले मानदेय को दोगुना कर दिया है।
मण्डलायुक्त ने मतदाता सूची के अद्यतन और समयबद्ध कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा। 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, मृतकों, स्थानांतरित या दोहराए गए नामों को हटाने तथा सभी रिकॉर्ड को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान फार्म-6, 7 और 8 की प्रविष्टियों में प्रगति का अवलोकन किया गया और आवश्यक सुधार हेतु सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat