संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय आवास विकास में 21वीं यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में व्यक्तिगत स्वच्छता, हाइजीन एवं सैनिटाइजेशन विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने की, जबकि संचालन प्रभारी केयर टेकर डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया। एनसीसी कैडेट्स, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संगोष्ठी का उद्देश्य छात्रों और कैडेट्स में रोग-निवारण, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वच्छ परिवेश के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। वक्ताओं ने दैनिक जीवन में साफ-सफाई, हैंड वॉश और सैनिटाइजेशन की आदतों पर विस्तृत जानकारी दी।
प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जैसे सेना अपने स्वास्थ्य की रक्षा के लिए स्वच्छता को अनिवार्य मानती है, वैसे ही हर नागरिक को भी अनुशासित और स्वच्छ जीवनशैली अपनानी चाहिए।
मुख्य वक्ता, वनस्पति विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सिंह राघव ने वायरस व बैक्टीरिया जैसे अदृश्य जीवों को गंभीर खतरा बताते हुए नियमित हैंड वॉश और सैनिटाइजेशन को स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र बताया।
डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि स्वच्छता में लापरवाही व्यक्ति को कई रोगों का शिकार बना सकती है।
उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. राशेदा खातून ने मच्छर जनित रोगों पर जानकारी देते हुए कहा कि गंदे पानी की निकासी, ठहरे हुए जल का निस्तारण और स्वच्छ वातावरण ही मलेरिया-डेंगू से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
संगोष्ठी से पहले एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया और कचरे का उचित निस्तारण किया।
इस अवसर पर कैडेट्स अनन्या मिश्रा, सौरभ मिश्रा, आराध्या मिश्रा, काजल, संध्या, हिना, रूबी, निशा, विधि तोमर, पूजा, आशी राणा, मनु सिंह, अंजली, पवन, अभिषेक, आर्यन, सक्षम, विजय, हर्षित यादव, विकास पाल ने सक्रिय भूमिका निभाई।
Budaun Amarprabhat