संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्त्वावधान में रविवार को कछला स्थित मां भागीरथी गंगा तट के दोनों ओर बने कुष्ठाश्रमों में सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। स्काउट टीम ने 105 कुष्ठ रोगियों को दैनिक उपयोग की सामग्री और पौष्टिक भोजन वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने स्काउट भवन से टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर किया। टीम के कुष्ठाश्रम पहुंचते ही वहां संवेदना और राहत का वातावरण बन गया।
जिला मुख्यालय आयुक्त प्रेमपाल सिंह, वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश शर्मा एवं जिला संगठन कमिश्नर (स्काउट) मोहम्मद असरार के नेतृत्व में स्काउट टीम ने कुष्ठ रोगियों को नहाने व कपड़े धोने का साबुन, चाय पत्ती, पट्टियां सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। इसके उपरांत ताजा बना गरमागरम पौष्टिक भोजन परोसा गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि सेवा वह साधना है, जो बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की भलाई और खुशी के लिए की जाती है। सेवा जीवन को सुंदर बनाती है और मन को शांति प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग का धर्म देशसेवा है और इसका मूल मंत्र जरूरतमंदों की सहायता करना है। ऐसे कार्यक्रम न केवल मानवता को सशक्त बनाते हैं, बल्कि युवाओं में चरित्र, अनुशासन और करुणा की भावना का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम में आईटी शमशाद हुसैन, नेत्रपाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat