Breaking News

बिजली विभाग की मनमानी के खिलाफ भाकियू असली गैरराजनैतिक का अधीक्षण अभियंता कार्यालय घेराव, धरना प्रदर्शन

Spread the love

संवाददाता: बदायूं

भारतीय किसान यूनियन (असली गैरराजनैतिक) के बैनर तले किसानों ने सोमवार को बदायूं में अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरने का संचालन हरीश पटेल ने किया, जबकि अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष जसवीर सिंह यादव (वकील साहब) ने की।

धरने को संबोधित करते हुए तहसील अध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि मामला उपखंड जरीफ नगर के ग्राम मड़कावली का है। गांव में तैनात अवर अभियंता एवं उपखंड अधिकारी सहसवान की लापरवाही के चलते जर्जर विद्युत लाइनें आए दिन टूटकर जमीन पर गिर रही हैं, जिससे जानवरों की मौत हो रही है। कुछ दिन पूर्व करंट की चपेट में आने से दो भैंस और एक सांड की मौत हो चुकी है। इस संबंध में कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि मड़कावली व सिंगोला फीडर से जुड़े दर्जनों गांवों में ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं। ट्रांसफार्मर बदलवाने के नाम पर लाइनमैन द्वारा 5 हजार से 10 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। लाइनमैन खुलेआम कहते हैं कि ऊपर तक पैसा जाता है, इसलिए वसूली मजबूरी है।

महिला मंडल अध्यक्ष पूनम गुप्ता ने कहा कि उपखंड सिंगोली के ग्राम घोसली अनिरुद्ध राम सहाय में पिछले 20 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब है, लेकिन बिना “आर्थिक लेन-देन” के बदला नहीं जा रहा। इससे किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। मड़कावली गांव में पिछले पांच दिनों से बिजली का पोल टूटा पड़ा है, जिससे बिजली, पानी और मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी समस्याओं से ग्रामीण जूझ रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।

जिला अध्यक्ष केपीएस राठौर ने बताया कि ग्राम मड़कावली निवासी मुनेंद्र कुमार पुत्र श्री लखपत सिंह ने अवर अभियंता व उपखंड अधिकारी से समस्याओं के समाधान की मांग की थी, लेकिन अधिकारियों ने समाधान करने के बजाय उनके साथ अभद्रता की और 4 दिसंबर 2025 को उनके खिलाफ मनगढ़ंत तथ्यों के आधार पर मुकदमा संख्या 465/2025 दर्ज करा दिया। इससे क्षेत्र की जनता में भारी रोष व्याप्त है।

जिला अध्यक्ष ने मांग की कि दोनों भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ शीघ्र विभागीय कार्रवाई की जाए, किसानों पर दर्ज मुकदमा तत्काल वापस लिया जाए तथा दोनों अधिकारियों का स्थानांतरण किया जाए। साथ ही 11 हजार के फॉल्ट पर किसानों से 200 से 500 रुपये की अवैध वसूली करने वाले लाइनमैनों पर भी कार्रवाई हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन जिला अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगा। इस दौरान यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

धरने में संभल जनपद के जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह यादव अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से खान बहादुर, राजपाल सिंह, हरबंस पटेल, हरीश पटेल, जसवीर यादव, प्रताप सिंह, पप्पू मोरिया, राजीव सिंह, डॉक्टर साहब सिंह रावल, मुनेंद्र सिंह पटेल, अशोक सिंह, पूनम गुप्ता, रविंद्र यादव, प्रदीप सिंह, शिवपाल यादव और मोहम्मद तारिक गाजी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बदायूं में यातायात नियम तोड़ने पर 84 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, 2.66 लाख का जुर्माना वसूला

Spread the love संवाददाता: गोविंद देवल बदायूं। शासन व जिलाधिकारी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा …

error: Content is protected !!