
संवाददाता : नेत्रपाल सैलानी
मुजरिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने थाना मुजरिया कार्यालय के जीर्णोद्धार एवं कोल्हाई स्थित नवनिर्मित पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जनता से पुलिस को सहयोग देने की अपील करते हुए बेहतर कार्य के लिए थाना स्टाफ की सराहना की।
थाना प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह के निर्देशन में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के सहयोग से थाना कार्यालय का जीर्णोद्धार कराया गया। साथ ही कोल्हाई स्थित पुलिस बूथ को चौकी का दर्जा मिलने के बाद उसका निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया। नवनिर्मित चौकी के प्रभारी के रूप में उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह को नियुक्त किया गया।
बुधवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं जनसमुदाय से पुलिस को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा के दृष्टिगत महिलाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हाइवे किनारे स्थित कोल्हाई क्षेत्र में चौकी की आवश्यकता को देखते हुए इसका निर्माण कराया गया है, जहां निरंतर पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह ने भी मुजरिया पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए बेहतर पुलिसिंग के निर्देश दिए। उद्घाटन के उपरांत थाना परिसर में गार्ड द्वारा सलामी दी गई तथा कार्यालय, मालखाना एवं अन्य पटल का निरीक्षण किया गया। फरियादियों के बैठने हेतु बनाए गए टीन शेड का भी उद्घाटन किया गया। थाना प्रभारी की ओर से जलपान एवं भोजन की व्यवस्था की गई।
प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह द्वारा कार्यभार ग्रहण करते ही थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय जीर्णोद्धार एवं फरियादियों की सुविधा हेतु टीन शेड जैसे कार्यों को अल्प समय में पूर्ण कराए जाने पर उनकी सराहना की गई।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक योगराज सिंह, रामवीर सिंह, बच्चू सिंह, उमेश कुमार, सुरेश कुमार, हेड मोहर्रिर अनिरुद्ध कुमार, हेड कांस्टेबल ललित कुमार, कांस्टेबल शोभित चौधरी, मुकेश कुमार सहित समस्त थाना स्टाफ मौजूद रहा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख शिशुपाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य झंडू भैया उर्फ राजेश कुमार सिंह, कुबेन्द्र सिंह, प्रदीप तिवारी, योगेश तोमर (पूर्व प्रधान), श्यौराज सिंह, हेमंत गुप्ता, अतुल कुमार, धर्मेंद्र कुमार, उपदेश चौहान, के.पी. सिंह सहित सभी ग्राम प्रधान, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं पुलिस के सहयोगी उपस्थित रहे।
—
कोल्हाई चौकी से अपराध नियंत्रण को मिलेगी मजबूती
कोल्हाई मुजरिया थाना क्षेत्र का एक बड़ा इलाका है, जिसे हल्का नंबर एक के नाम से जाना जाता है। यहां साप्ताहिक पैठ एवं नखासा लगता है, जो दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कोल्हाई में पुलिस चौकी की स्थापना की गई है।
प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक अनिल सिंह को चौकी प्रभारी बनाया गया है। साथ ही एक अन्य उपनिरीक्षक एवं दो पुलिस कर्मियों की तैनाती के आदेश भी जारी किए गए हैं।
इस चौकी क्षेत्र में कोल्हाई, दरियापुर, समसपुर, हंसुआ नगला, मुड़सान, पटरचोहा, सेमरा बनबीरपुर, अफजलपुर छगनपुर, सिरकी खेड़ा, समसपुर बल्लू, छोकारपुर सराय, मुड़िया खागी सहित दर्जनभर से अधिक गांव शामिल हैं।
Budaun Amarprabhat