संवाददाता : गोविंद देवल
बिल्सी। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) की मासिक पंचायत बुधवार को बिल्सी तहसील परिसर में आयोजित की गई। पंचायत के उपरांत तहसील अध्यक्ष राम सिंह के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं को लेकर पाँच सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी को संबोधित करते हुए तहसीलदार प्रभा सिंह को सौंपा गया।
पंचायत में किसानों एवं जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। पंचायत को संबोधित करते हुए अंबियापुर ब्लॉक अध्यक्ष पप्पू ने कहा कि क्षेत्र में यूरिया व डीएपी खाद की भारी किल्लत बनी हुई है। सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध न होने के कारण प्राइवेट दुकानदारों द्वारा कालाबाज़ारी की जा रही है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। साथ ही किसानों के हित में केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए।
जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने कहा कि बिल्सी तहसील क्षेत्र में पशुओं में खुरपका बीमारी फैल चुकी है, लेकिन पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। घरेलू पशुओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में गौशालाओं में रखे गए गौवंश भी इस बीमारी की चपेट में हैं। यदि समय रहते उपचार नहीं कराया गया तो बड़े पैमाने पर पशुओं की मृत्यु हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
तहसील अध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि ग्राम कुदरनी में लगभग तीन वर्ष पूर्व ओवरहेड टैंक का निर्माण और पाइप लाइन बिछाए जाने के बावजूद आज तक जल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। प्रशासन को जनहित में शीघ्र कार्रवाई कर ग्रामीणों को पानी की सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए।
पंचायत में संतुलित पाठक, सोमवीर, शहनशाह आलम, वीरेश, अब्दुल सलाम, रामकिशोर, बिसौली तहसील अध्यक्ष रजनेश उपाध्याय, नूरुद्दीन ठेकेदार, प्रवेंद्र ठाकुर, शैलेश कुमार, मोहम्मद नबी, उदयपाल, मीना, चरन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष रहीस अहमद, जिला संगठन मंत्री बब्बू, ओमपाल, रामऔतार, रणजीत, भूप सिंह, अमन शर्मा सहित कई दर्जन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat