बिल्सी। श्री श्याम सेवा मंडल समिति की ओर से एकादशी पर्व के पावन अवसर पर नगर में भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत भव्य आयोजन किया जा रहा है। आगामी 30 दिसंबर की रात मोहल्ला संख्या छह स्थित रामलीला मंच पर श्याम बाबा का विशाल संकीर्तन आयोजित होगा। इसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
समिति के पदाधिकारी लवलेश कुमार ने बताया कि संकीर्तन के दौरान प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा बाबा श्याम के मधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु बाबा की भक्ति में झूमते नजर आएंगे। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा और पुष्पों से सजाया जाएगा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो जाएगा।
संकीर्तन के दौरान बाबा श्याम की अलौकिक झांकी सजाई जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए विशेष आरती और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। समिति की ओर से नगरवासियों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता करें।
आयोजकों के अनुसार एकादशी पर्व पर होने वाला यह संकीर्तन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक शांति और भक्ति का अनुपम अवसर होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
Budaun Amarprabhat