संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूँ
होली पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ व जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सी.एल. यादव और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में छापेमारी की गई। अभियान के दौरान कुल 4 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
टीम ने गोपी चौक बदायूँ स्थित पारूल रस्तोगी के प्रतिष्ठान से रिफाइंड सोयाबीन तेल का एक नमूना भरा। साथ ही करीब 74 लीटर (अनुमानित मूल्य 10,500 रुपये) तेल सीज किया गया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई संतोषजनक न मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
इसी तरह अनाज मंडी बदायूँ स्थित हर्षित साहू के प्रतिष्ठान से गुड़ का एक नमूना लिया गया। यहां भी साफ-सफाई में कमी मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।
सहसवान के सैफुल्लागंज में धर्मपाल के प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का नमूना लिया गया। जांच के दौरान लगभग 45 किलो (अनुमानित मूल्य 5 हजार रुपये) छेना मिठाई मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाई गई, जिसे नियमानुसार नष्ट कराया गया। यहां भी स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
नथुलागंज सहसवान स्थित असरार अहमद के प्रतिष्ठान से लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। सभी 4 नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि खाद्य पदार्थों को ढककर रखें, दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखें, शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण सामग्री ही बेचें तथा बिना लाइसेंस कारोबार न करें। मौके पर मौजूद लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया।
अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सी.एल. यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह, प्रिया त्रिपाठी, खुशीराम और करन सिंह शामिल रहे।
Budaun Amarprabhat