संवाददाता गोविन्द देवल 
बदायूं। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma ने पुलिस लाइंस सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों तथा थाना और शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में जिले में घटित अपराधों, लंबित विवेचनाओं, महिला व बाल अपराध, साइबर अपराध, गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई और कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसएसपी ने आगामी पर्व ईद-उल-फितर को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी थानों में पीस कमेटी की बैठकें कराकर धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों के साथ समन्वय बनाया जाए, ताकि त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाया जा सके।
बैठक में थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर त्वरित और प्रभावी निस्तारण किया जाए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने लुटेरे, चोर और गंभीर अपराधों में लिप्त पेशेवर अपराधियों की लगातार निगरानी रखने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करने, महिला व बाल अपराध से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने तथा अपहृताओं की जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शस्त्र निर्माण और बिक्री में शामिल अपराधियों, टॉप-10, हिस्ट्रीशीटर और इनामिया बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अपराधियों की अवैध संपत्ति चिन्हित कर धारा 14(1) के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में शासन द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र 2.0 अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला हेल्पडेस्क, एंटी रोमियो टीम, शक्ति दीदी और महिला बीट आरक्षियों को गांव-मोहल्लों, स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए कहा कि प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाए। इसके लिए यातायात पुलिस को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान ऑपरेशन दृष्टि, कन्विक्शन, त्रिनेत्र और दहन सहित विभिन्न अभियानों की भी समीक्षा की गई तथा कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Budaun Amarprabhat