बदायूं। 14 व 15 मार्च 2026 को आयोजित पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा जनपद के सभी 15 परीक्षा केंद्रों पर सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। रविवार को परीक्षा के दूसरे दिन जिलाधिकारी अवनीश राय ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ केदारनाथ इंटर कॉलेज, गिंदो देवी डिग्री कॉलेज, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज बदायूं तथा कोषागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा 2025 के अंतर्गत जनपद बदायूं के 15 केंद्रों पर दूसरे दिन भी परीक्षा शांतिपूर्वक आयोजित की गई। द्वितीय दिवस की प्रथम पाली में 4320 अभ्यर्थियों में से 3165 उपस्थित रहे, जबकि 1155 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 4320 अभ्यर्थियों में से 3173 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 1147 अनुपस्थित रहे।
प्रथम पाली में उपस्थिति प्रतिशत 73.26 प्रतिशत तथा द्वितीय पाली में 73.45 प्रतिशत रहा। जनपद के सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
दो दिवसीय परीक्षा में कुल 17,280 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 12,480 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,800 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों दिनों को मिलाकर कुल उपस्थिति प्रतिशत 72.22 प्रतिशत दर्ज किया गया।
इस दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat