उसावा (संवाददाता अमित वर्मा)। मंगलवार को नगर उसावा में बाबा खाटू श्याम के भक्तों ने आस्था, उत्साह और भक्ति के साथ भव्य निशान यात्रा निकालकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। यात्रा का शुभारंभ बाबा लक्कड़ दास मंदिर से विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
निशान यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भक्ति गीतों और जयकारों के बीच आगे बढ़ती रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्याम भक्त झूमते-नाचते नजर आए, जिससे पूरा नगर भक्ति रंग में सराबोर हो गया।
यात्रा बाबा लक्कड़ दास मंदिर से प्रारंभ होकर हनुमान मंदिर एवं खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां विशेष आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके पश्चात यात्रा पुनः बाबा लक्कड़ दास मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
निशान यात्रा में नगर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान पवन गुप्ता, वार्ड नंबर 9 के सभासद आनंद सिंह, सौरव गुप्ता, अवधेश पंडित, चेतन वर्मा सहित नगर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat