संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूँ
बदायूँ। मदर्स पब्लिक स्कूल में बाल वाटिका के नन्हे-मुन्ने बच्चों की ग्रेजुएशन सेरेमनी और समस्त कक्षाओं के वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का आयोजन धूमधाम और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों का उत्साह देखने लायक रहा।
बाल वाटिका के बच्चों ने जब ग्रेजुएशन गाउन और कैप पहनकर मंच पर कदम रखा तो पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। यह दृश्य उनके जीवन के पहले शैक्षणिक पड़ाव की सफलता का प्रतीक बन गया। वहीं अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों के वार्षिक परिणाम घोषित होते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी और संतोष झलक उठा।
समारोह के दौरान प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 100 प्रतिशत उपस्थिति, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी विशेष रूप से सराहा गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शीबा खान ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व विकास से मापी जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और अभिभावकों व शिक्षकों के सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपनी उपलब्धि का आधार बताया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की शिक्षा प्रणाली और अनुशासन की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह समारोह बच्चों के लिए प्रेरणादायक और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ।
Budaun Amarprabhat