पुनरीक्षण कार्य अंतिम चरण में, त्रुटि सुधार के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 22 अप्रैल 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अवनीश राय ने संशोधित सार्वजनिक सूचना जारी की है।
उन्होंने बताया कि यह कार्य राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार निर्धारित समय-सारणी के तहत कराया जा रहा है। कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों के कम्प्यूटरीकरण के बाद मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, सूची डाउनलोडिंग और फोटो प्रतियों का कार्य 17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाएगा।
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में इस पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि कार्य समय से पूर्ण किया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते संबंधित कार्यालय में संपर्क कर उसे सही कराएं, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जा सके।
Budaun Amarprabhat