भाषण व संगीत प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया दम, विजेताओं को किया सम्मानित
संवाददाता: गोविंद देवल, बिल्सी
बिल्सी। अखंड भारत के चक्रवर्ती सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य की 2371वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जेएस पैलेस में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन डॉ. बीपी मौर्य और समाजसेवी मुकेश चंद्र मौर्य द्वारा किया गया।
समारोह के दौरान भाषण प्रतियोगिता और संगीत प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के जीवन, संघर्ष और उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक कौशल पर विस्तार से प्रकाश डाला। माध्यमिक शिक्षा संघ एकजुट के जिला अध्यक्ष मुन्नालाल शाक्य ने कहा कि चंद्रगुप्त मौर्य अखंड भारत के प्रथम हिंदू सम्राट थे, जिन्होंने सशक्त प्रशासनिक व्यवस्था की नींव रखी।
सपा नेता उदयवीर सिंह शाक्य ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए सभी को शिक्षित बनने का आह्वान किया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य ममता शाक्य ने महिलाओं की शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है।
वहीं समाज के जिला अध्यक्ष रामेश्वर शाक्य ने कहा कि सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के शासनकाल में कानून व्यवस्था बेहद मजबूत थी और उनका साम्राज्य ईरान से लेकर बर्मा तक विस्तृत था।
अंत में उपस्थित लोगों ने सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के आदर्शों पर चलने और अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करते हुए उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राकेश शाक्य, सुनील शाक्य, कुमकुम शाक्य, अनीता शाक्य, मुन्नालाल शाक्य, सीएल शाक्य, छत्रपाल शाक्य सहित शाक्य, मौर्य, सैनी और कुशवाहा समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat