Breaking News

श्रमिकों के लिए राहत: श्रम विभाग में हेल्प डेस्क शुरू, योजनाओं की मिलेगी सीधी जानकारी

Spread the love

दो पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी तय; शिकायतों के त्वरित निस्तारण और मार्गदर्शन पर जोर

संवाददाता: गोविंद देवल

बदायूं। श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और श्रमिकों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से कार्यालय स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित कर दी गई है। सहायक श्रमायुक्त बदायूं द्वारा जारी आदेश के तहत यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जारी निर्देशों के अनुसार उप श्रमायुक्त बरेली क्षेत्र के पत्र के क्रम में श्रम कल्याण आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों का अनुपालन करते हुए यह पहल की गई है। हेल्प डेस्क के माध्यम से श्रमिकों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी सरलता से उपलब्ध कराई जाएगी और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
हेल्प डेस्क के संचालन के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी दो पालियों में निर्धारित की गई है। प्रथम पाली (सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक) में कंप्यूटर ऑपरेटर मुकेश कुमार तैनात रहेंगे, जबकि द्वितीय पाली (दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक) में कंप्यूटर ऑपरेटर रमेश यादव अपनी सेवाएं देंगे। दोनों को निर्देशित किया गया है कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराते रहें।
इसके अतिरिक्त श्रम प्रवर्तन अधिकारी अमित कुमार को हेल्प डेस्क का नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जो पूरी व्यवस्था की निगरानी और समन्वय सुनिश्चित करेंगे।
कार्यालय ने निर्देश दिया है कि हेल्प डेस्क पर आने वाले श्रमिकों और नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए और उन्हें लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। इस पहल से श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों का हुआ स्वागत

Spread the loveबदायूं, 5 सितंबर। भाजपा ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री राजेश्वर सिंह पटेल …