फल-सब्जी विक्रेता बने आत्मनिर्भर, लॉकडाउन के संकट से निकलकर फिर संभाला कारोबार
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना शहर के स्ट्रीट वेंडर्स के लिए संजीवनी साबित हो रही है। इसका जीवंत उदाहरण बदायूं के मोहल्ला मीरा सराय निवासी राज कुमार मौर्य हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है।
पिछले 10 वर्षों से फल एवं सब्जी विक्रेता के रूप में कार्य कर रहे राज कुमार मौर्य अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन ने उनके कारोबार को पूरी तरह प्रभावित कर दिया था, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया।
स्वनिधि योजना बनी सहारा
इसी दौरान उन्हें पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उन्होंने प्रथम चरण का ऋण प्राप्त कर दोबारा अपना ठेला शुरू किया। समय पर ऋण चुकाने पर उन्हें दूसरे और तीसरे चरण का ऋण भी आसानी से मिल गया। नियमित किस्त जमा करने से उनकी बैंकिंग साख भी मजबूत हुई।
आज राज कुमार बदायूं के पंजाबी मार्केट में भगत जी समोसा कॉर्नर के पास सफलतापूर्वक अपना व्यवसाय चला रहे हैं। उनकी आय में सुधार हुआ है और परिवार का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। उनका बड़ा बेटा अब सिटी पब्लिक स्कूल में पढ़ाई कर रहा है।
दूसरों के लिए बने प्रेरणा
राज कुमार मौर्य का कहना है कि सही समय पर मिली सरकारी मदद और आत्मविश्वास ने उन्हें दोबारा खड़ा होने की ताकत दी। उन्होंने बताया कि अब उन्होंने योजना के अंतर्गत क्रेडिट कार्ड के लिए भी आवेदन किया है, जिससे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ा सकें।
उनकी यह सफलता कहानी अन्य स्ट्रीट वेंडर्स के लिए प्रेरणा बन रही है कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है।
Budaun Amarprabhat