बदायूं। थाना इस्लामनगर क्षेत्र में मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में दंपति को निशाना बनाते हुए गन पॉइंट पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव पिनौनी निवासी रवि अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सकतपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वह मसानी मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक से चाबी निकाल ली, जिससे उन्हें रुकना पड़ा।
आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दंपति को आतंकित कर दिया और उनकी सोने की चेन, अंगूठी, कुंडल, पायल सहित करीब 15 हजार रुपये की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
Budaun Amarprabhat