
मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कक्ष का लिया जायजा
महिला सुरक्षा, जनसुनवाई और साइबर जागरूकता को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर ने शनिवार को महिला थाना का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कक्ष का गहन निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला थाना में जनसुनवाई भी की और फरियादियों की समस्याएं सुनीं। थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान को प्रभावी बनाने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक क्षेत्र भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को साइबर अपराध और साइट्रेन पोर्टल के संबंध में भी जागरूक किया गया। वहीं रिक्रूट आरक्षियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा उन्हें अनुशासन, ड्यूटी, जनसंपर्क और कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई।
इस दौरान थाना प्रभारी ज्योति सिंह, दिवसाधिकारी उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला कांस्टेबल मालती, सीसीटीएनएस कंप्यूटर ऑपरेटर हेड कांस्टेबल सीमा और संतरी ड्यूटी पर रिक्रूट आरक्षी दिव्या शर्मा मौजूद रहीं।
Budaun Amarprabhat