Breaking News

अलापुर नगर पंचायत में भारी घमासान: बोर्ड बैठक से गायब रहीं चेयरमैन, 14 सभासदों ने खोला मोर्चा

Spread the love

पहले से लिखे प्रस्तावों पर साइन कराने का आरोप
पानी न देने के तुगलकी फरमान पर भड़के जनप्रतिनिधियो ने डीएम से की शिकायत, आंदोलन की चेतावनी

अमर प्रभात ब्यूरो
बदायूँ। नगर पंचायत अलापुर में सोमवार को बुलाई गई बोर्ड बैठक हाई-वोल्टेज ड्रामे और भारी हंगामे की भेंट चढ़ गई। नगर पंचायत के सभी 14 सभासदों ने एकजुट होकर चेयरमैन की कार्यशैली और प्रशासनिक रवैये पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए मोर्चा खोल दिया है। सभासदों का गंभीर आरोप है कि अध्यक्ष की लापरवाही के कारण नगर के विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 मई 2026 को वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट, सड़क व नाली निर्माण, सफाई और प्रकाश व्यवस्था जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए बोर्ड बैठक बुलाई गई थी। सभी सभासद अपने-अपने वार्डों की जनसमस्याएं और विकास प्रस्ताव लेकर तय समय पर पहुंचे, लेकिन खुद अध्यक्ष महोदया बैठक से नदारद रहीं। सभासदों ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद बाबू ने उनके सामने पहले से लिखे हुए प्रस्तावों का रजिस्टर आगे बढ़ा दिया और कहा कि ‘हस्ताक्षर करो और जाओ’।


हंगामे के बीच तानाशाही का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। सभासदों का आरोप है कि भीषण गर्मी में बैठक में बैठे जनप्रतिनिधियों को पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं कराया गया। कार्यालय के कर्मचारियों ने साफ कहा कि चेयरमैन साहब का सख्त आदेश है कि सभासदों को पानी भी नहीं देना है। इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अलापुर की जनता का घोर अपमान बताते हुए सभासदों ने दफ्तर के बाहर ही नारेबाजी शुरू कर दी।
संयुक्त रूप से विरोध दर्ज कराते हुए सभासदों ने कहा कि अध्यक्ष पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं एवं गबन के आरोप पहले ही सिद्ध हो चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस अंतिम कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं।
समस्त 14 सभासदों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपकर मांग की है कि अध्यक्ष की मौजूदगी में दोबारा वैध बोर्ड बैठक आहूत कराई जाए, ताकि रुके हुए विकास कार्यों पर सही तरीके से निर्णय लिया जा सके। सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी जनप्रतिनिधियों को इसी तरह अपमानित किया गया, तो वे सामूहिक रूप से बड़ा जनआंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस अवसर पर सभासद माधुरी देवी, रिहाना बेगम, तरावती देवी, जयवीर सिंह, महजबीन, विमलेश कुमारी, रितेश कुमार, हेमंत कुशवाह, सरताज अहमद, अल्ताफ हुसैन, फ़रीद, अरुण कुमार गुप्ता, मुकेश राठौड़ और प्रमोद कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

उप जिलाधिकारी श्री साई आश्रित शाख मुरी और तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने पौधे लगाए।

Spread the loveबिसौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। …

error: Content is protected !!