महिला शिक्षिकाओं की सीसीएल व अन्य अवकाश समय से स्वीकृत करने की मांग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दिया शीघ्र निस्तारण का भरोसा
बदायूं। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (प्राथमिक संवर्ग) जनपद बदायूं की जिला इकाई एवं समस्त ब्लॉक कार्यकारिणीयों के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जनपद के नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने नवागत बीएसए का बुके भेंट कर और माल्यार्पण के साथ भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।
शिष्टाचार भेंट के दौरान महासंघ के जिला संयोजक दुष्यंत कुमार रघुवंशी ने नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की वैचारिक पृष्ठभूमि, अखिल भारतीय स्तर तथा प्रांतीय (प्रादेशिक) स्तर पर संगठन द्वारा किए जा रहे रचनात्मक कार्यों और शिक्षक हित के प्रयासों से सूक्ष्म रूप से परिचित कराया। इसके साथ ही जिला सह संयोजक प्रदीप कुमार ने संगठन की ओर से आश्वस्त किया कि जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के सभी शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने में संगठन सदैव अपना सकारात्मक सहयोग प्रदान करेगा।
वार्ता के दौरान जिला सह संयोजक प्रदीप कुमार ने जनपद के शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न विभागीय और व्यावहारिक समस्याओं को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के समक्ष प्रमुखता से रखा और भविष्य में उनके शीघ्र व पारदर्शी निस्तारण हेतु अनुरोध किया। इसी क्रम में महिला शिक्षकों की समस्याओं को उठाते हुए जिला सह संयोजिका सोनी गुप्ता ने महिला शिक्षिकाओं की चाइल्ड केयर लीव एवं अन्य देय अवकाशों को समय के अंतर्गत (समयावधि में) बिना किसी व्यवधान के स्वीकृत करने का विशेष अनुरोध किया।
नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार जी ने संगठन द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं और मांगों को अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शिक्षकों की सभी जायज समस्याओं का समय रहते नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा और महिला शिक्षिकाओं के अवकाशों की स्वीकृति में भी पारदर्शिता बरती जाएगी।
इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष उझानी सुरेंद्र कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष वजीरगंज धीरज शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अंबियापुर मुकुल राठौर, ब्लॉक अध्यक्ष इस्लामनगर अनुराग गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष म्याऊं सुखविंद्र यादव, ब्लॉक अध्यक्ष सालारपुर प्रदीप कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष कादरचौक जितेंद्र कुमार और ब्लॉक अध्यक्ष बिसौली उमेश गंगवार उपस्थित रहे। वहीं नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए नंदिनी वरनवाल, रीता रानी, काजल दुबे व गुंजन यादव मौजूद रहीं। इनके अतिरिक्त विभिन्न ब्लॉकों के ब्लॉक मंत्री, ब्लॉक कोषाध्यक्ष एवं अन्य सम्मानित पदाधिकारी व शिक्षकगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat