Breaking News

कर्ज वसूली के तरीके को लेकर किसान यूनियन ने जताई नाराजगी

Spread the love

बिसौली, 6 जून (संवाददाता)। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, बिसौली द्वारा ऋण वसूली की कार्रवाई के तरीके पर आपत्ति जताते हुए किसानों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन की चेतावनी दी है।

किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष रामाशंकर शंखधार ने बताया कि बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा 5 जून से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ऋण वसूली अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नौली, हरनाथपुर, खुर्रमपुर, बमोरी, धीमरपुरा सहित कई गांवों में बैंक कर्मी माइक के माध्यम से बकायेदार किसानों को कुर्की की चेतावनी दे रहे हैं, जिससे किसानों में भय का माहौल बना हुआ है।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि यूनियन को किसानों से शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद उन्होंने संबंधित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक की वसूली प्रक्रिया से किसान परेशान हैं और कई बकायेदार किसान गांव छोड़कर अन्य स्थानों पर चले गए हैं।

किसान यूनियन ने मांग उठाई कि किसानों के लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू की जाए। यूनियन का कहना है कि जब अन्य राष्ट्रीयकृत बैंक एनपीए खातों के लिए राहत योजनाएं संचालित कर रहे हैं, तो सहकारी ग्राम विकास बैंक को भी किसानों को ऐसी सुविधा प्रदान करनी चाहिए।

श्री शंखधार ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो यूनियन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने बताया कि 8 जून को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों की मांगों से अवगत कराया जाएगा।

इस दौरान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष वजीरगंज सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

इनरव्हील क्लब द्वारा पुरुषोत्तम मास के गंगा दशहरा के पावन पर्व पर मीठा शरबत वितरण

Spread the loveबिसौली। इनरव्हील क्लब द्वारा पुरुषोत्तम मास के गंगा दशहरा के पावन पर्व पर …

error: Content is protected !!