Breaking News

बदायूं में 11 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का दावा, प्रभारी मंत्री बोले- सुशासन के 12 वर्ष बने जनविश्वास की पहचान

Spread the love

मीडिया संवाद में गिनाईं केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां, नेकपुर में स्वच्छता अभियान में भी हुए शामिल

बदायूं। जनपद की छहों विधानसभा क्षेत्रों में गत वर्षों के दौरान 11,346 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि विकास कार्यों, निर्माण योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर व्यय किए जाने का दावा किया गया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह अवधि विकास, सुशासन, जनकल्याण और जनविश्वास की ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किया गया है।

उन्होंने बताया कि जनपद में अवस्थापना और सुविधाओं के विकास पर 2,148 करोड़ रुपये से अधिक, विभिन्न निर्माण कार्यों पर 1,167 करोड़ रुपये से अधिक तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से 8,031 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि व्यय अथवा लाभार्थियों को वितरित की गई है।

प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने देश में सड़क, रेल, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए विस्तार को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया।

मीडिया संवाद के बाद प्रभारी मंत्री नेकपुर पहुंचे, जहां स्वच्छ भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सांकेतिक रूप से झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

इसके बाद उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया, नेकपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा पौधारोपण भी किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिलाधिकारी अवनीश राय समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

दूध-दही सप्लाई को लेकर दो एजेंसी संचालकों में मारपीट, कार में तोड़फोड़

Spread the loveराहुल मौर्य मसवासी (रामपुर)। दूध-दही की सप्लाई को लेकर दो पराग एजेंसी संचालकों …

error: Content is protected !!