इस्लामनगर क्षेत्र के सकतपुर गांव की घटना, घायल की हालत गंभीर बताई जा रही
संवाददाता असलम
इस्लामनगर। थाना क्षेत्र के गांव सकतपुर में शुक्रवार को एक व्यक्ति के गोली लगने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी करीब 55 वर्षीय डोरी लाल को गोली लग गई। मिली जानकारी के अनुसार गोली उनके सीने के पास से गुजरते हुए हाथ में जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
Budaun Amarprabhat