Breaking News

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत 107 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह संपन्न

Spread the love

जनप्रतिनिधियों जिलाधिकारी व अधिकारियों ने नव विवाहित दंपतियों को दिया आशीर्वाद, डीएम ने सभी को दिलाई दहेज मुक्त विवाह की शपथ

बदायूँ। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत बदायूं क्लब बदायूं में मंगलवार को कुल 107 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया। जिसमें 05 जोड़े मुस्लिम वर्ग से थे। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विकासखंड जगत, विकासखंड कादरचौक, विकासखंड वजीरगंज और विकासखंड सलारपुर के जोड़े तथा नगर पालिका परिषद बदायूं, नगर पंचायत गुलड़िया, नगर पंचायत सखानू, नगर पंचायत वजीरगंज के जोड़े सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी राजीव गुप्ता, जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी शारदेंदु पाठक, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अंबियापुर, ब्लॉक प्रमुख कादरचौक, ब्लॉक प्रमुख सलारपुर द्वारा प्रतिभाग किया गया। मंच का संचालन महाराज सिंह समाज कल्याण द्वारा किया गया।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के अंतर्गत गरीब व्यक्तियों की पुत्री की शादी पूरे सम्मान और गरिमा के साथ की जाती है। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता द्वारा यह भी अपील की गई की मोटरसाइकिल चलाते समय सभी लोग हेलमेट का प्रयोग करें।
जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी राजीव गुप्ता द्वारा कहा गया इस योजना के अंतर्गत दहेज रहित विवाह एवं विवाह पर होने वाले अपव्यय को रोकने के लिए योगी सरकार द्वारा विशेष कदम उठाया गया है। उसी के क्रम में यह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह जनपद बदायूं में ऐतिहासिक रूप से आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव द्वारा सभी जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की गयी तथा एक आश्वस्ति भी दी गई कि जिला प्रशासन आपके सुख दुख में हमेशा आपके साथ खड़ा है। जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक जोड़े को एक पौधा भी भेंट किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत सरकार द्वारा रुपए 51000 प्रति जोड़े के लिए खर्च किए जाते हैं। जिनमें से रुपए 35000 कन्या के बैंक खाते में दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोड़े के लिए रुपए 10000 कपड़े, बर्तन आदि वैवाहिक सामग्री मे खर्च किए जाते हैं तथा रुपए 6000 प्रत्येक जोड़े की दर से आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा ने बताया कि जिन 107 जोड़ों का सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत विवाह कराया गया है। उनमें विकासखंड वजीरगंज के 23, विकासखंड जगत के 36, विकासखंड कादरचौक के 15, विकासखंड सलारपुर के 18, बदायूं नगर पालिका परिषद के 09, नगर पंचायत गुलडिया के 01, नगर पंचायत सखानू के 04 तथा नगर पंचायत वजीरगंज के 01 जोड़े हैं।
अंत में जिलाधिकारी बदायूं द्वारा विवाहित जोड़ों को दहेज प्रतिषेध दिवस होने के नाते सभी को दहेज मुक्त विवाह करने के संबंध में शपथ दिलाई गई। मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।


Spread the love

About budaunamarprabhat.com

Check Also

परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

Spread the loveबिसौली। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सुरैनी पापड़ी में शुक्रवार सुबह दो …

error: Content is protected !!