बदायूं (अमर प्रभात)। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की स्कूल एवं शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है। योजना के तहत पात्र छात्राओं को शैक्षिक पुनर्वास और सुगम आवागमन के लिए अधिकतम 65 हजार रुपये तक की ई-ट्राईसाइकिल अनुदान के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि योजना का लाभ मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफिलिया आदि से ग्रसित उन छात्राओं को मिलेगा, जिनकी दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य हो, कमर के ऊपर का हिस्सा स्वस्थ हो तथा वे अपने हाथों से ई-ट्राईसाइकिल संचालित करने में सक्षम हों। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य द्वारा अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र देना होगा। इसके अलावा नवीनतम फोटो, आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, छात्रा या परिवार की वार्षिक आय प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर सहित आवश्यक अभिलेख जमा करने होंगे।
इच्छुक छात्राएं अपने आवेदन जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कक्ष संख्या-103, विकास भवन, बदायूं में कार्यालय समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जमा कर सकती हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विभागीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
Budaun Amarprabhat