बदायूं (अमर प्रभात)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, लखनऊ के निर्देशन में मंगलवार को “चुनावी प्रक्रिया में शिक्षा जगत की भूमिका और तकनीक के इस्तेमाल” विषय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के निर्वाचन अधिकारियों, जिला विद्यालय निरीक्षकों, सूचना विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) त्रिभुवन ने बताया कि 31 जुलाई को मेरठ, 7 अगस्त को लखनऊ और 21 अगस्त को वाराणसी में क्षेत्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। इनमें महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और इंटर कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के गठन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा मतदाता जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि इन सम्मेलनों में स्कूल-कॉलेजों के प्रधानाचार्य, विश्वविद्यालयों के निदेशक, सामाजिक गतिविधियों से जुड़े क्लबों के डीन एवं प्रभारी, सोशल मीडिया और मीडिया प्रभारी सहित अन्य प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से चार तथा प्रत्येक जनपद मुख्यालय से दो प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों की सहमति प्राप्त कर ईसीआई नेट पोर्टल के माध्यम से आवेदन कराया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का उद्देश्य 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदान के महत्व से जोड़ना, उन्हें मताधिकार के प्रति जागरूक करना तथा स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना है।
जनपद स्तर पर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat