बदायूं। जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। बदायूं इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (BIMT) कॉलेज में प्रोफेशनल क्रिकेट अकादमी का शुभारंभ किया गया। अकादमी का उद्देश्य जिले की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
अकादमी का उद्घाटन कॉलेज के डायरेक्टर अक्षज रस्तोगी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आशीष सिंघल और विकास आहूजा भी मौजूद रहे। डायरेक्टर अक्षज रस्तोगी ने कहा कि अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को ऐसा प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि यह अकादमी केवल BIMT कॉलेज के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे जिले के छात्र-छात्राओं के लिए भी खुली रहेगी। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए क्रिकेट ग्राउंड, खेल मैदान और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी बिना किसी बाधा के प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि BIMT कॉलेज शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक, शारीरिक और व्यक्तित्व विकास के साथ जिले की खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में कॉलेज के डीन अरविन्द कुमार गुप्ता, चीफ प्रॉक्टर सौरभ सक्सेना, शिक्षकगण, प्रशिक्षक, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को बदायूं में क्रिकेट प्रतिभाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
Budaun Amarprabhat