संवाददाता गोविन्द देवल 
बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल, बिल्सी के कक्षा तीन के विद्यार्थियों ने गुरुवार को स्थानीय कोल्ड स्टोरेज का शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और अनुभवात्मक शिक्षा से जोड़ना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कोल्ड स्टोरेज की कार्यप्रणाली, फलों और सब्जियों के वैज्ञानिक संरक्षण तथा तापमान नियंत्रित भंडारण प्रणाली को करीब से देखा। अधिकारियों ने बच्चों को सरल भाषा में बताया कि आलू, फल और अन्य कृषि उत्पादों को अलग-अलग तापमान पर सुरक्षित रखा जाता है, जिससे उनकी गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहती है और किसानों को भी लाभ मिलता है।
विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों के संरक्षण का महत्व, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और ऊर्जा प्रबंधन की भी जानकारी दी गई। बच्चों ने उत्सुकता के साथ कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण बच्चों में वैज्ञानिक सोच, अवलोकन क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान का विकास करते हैं। वहीं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़कर उनका सर्वांगीण विकास करना है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी, कक्षाध्यापक विशाल सक्सेना, राखी सिंह, अमर सक्सेना, प्रज्ञा मिश्रा सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार की शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन जारी रखने की बात कही।
Budaun Amarprabhat