संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जनपद में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। अब तक जनपद में 8,25,345 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 70 वर्ष से अधिक आयु के 30,201 लोगों के भी कार्ड बन चुके हैं।
जनपद में योजना के अंतर्गत 19 सरकारी और 14 निजी अस्पताल, यानी कुल 33 अस्पताल सूचीबद्ध हैं। अब तक 1.17 लाख लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल चुका है और सूचीबद्ध अस्पतालों को 171.93 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
दातागंज क्षेत्र के ग्राम मूजखेड़ा निवासी महेश गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थे। आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पा रहे थे, लेकिन आयुष्मान कार्ड बनने के बाद उन्हें निःशुल्क उपचार मिला और अब वह स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। इसी तरह आसमा बेगम और ग्राम नसीरपुर निवासी अरविन्द को भी योजना के तहत समय पर इलाज मिला, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ।
आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते बदायूं ने पिछले सात दिनों में 10,907 आयुष्मान कार्ड बनाकर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि का श्रेय योजना से जुड़े अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों और पूरी आयुष्मान टीम को दिया गया।
जिला प्रशासन ने पात्र लोगों से अपील की है कि वे अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और जरूरत पड़ने पर योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का लाभ उठाएं।
Budaun Amarprabhat