पटेल नगर निवासी एटीओ राम बहादुर के छोटे बेटे हैं सक्षम, बड़े भाई के नक्शेकदम पर चलकर परिवार का बढ़ाया मान
बदायूँ। प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती, बस आवश्यकता होती है तो अटूट लगन और कड़ी मेहनत की। बदायूँ के मोहल्ला पटेल नगर निवासी सक्षम राजपूत ने इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। सक्षम ने नीट की परीक्षा में पहले ही प्रयास में शानदार सफलता हासिल करते हुए एमबीबीएस में अपनी सीट पक्की की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
शहर के डीपीएस स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा 95 प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाले सक्षम राजपूत बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। प्रथम कक्षा से ही हर वर्ष अपनी कक्षा में अव्वल रहने वाले सक्षम ने नीट परीक्षा में 562 अंक अर्जित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
सक्षम की सफलता का सफर उनके बड़े भाई डॉक्टर दिव्यांश राजपूत से प्रेरित है, जिनका चयन भी वर्ष 2020 में पहले ही प्रयास में एमबीबीएस के लिए हुआ था। सक्षम अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और बड़े भाई डॉक्टर दिव्यांश को देते हैं, जिन्हें वह अपना रोल मॉडल मानते हैं।
सक्षम का कहना है कि डॉक्टर बनकर समाज और जरूरतमंदों की सेवा करना उनका सपना रहा है। हालांकि, उनकी महत्वाकांक्षा यहीं तक सीमित नहीं है। सक्षम ने भविष्य की योजना साझा करते हुए कहा कि एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह सिविल सर्विसेज की परीक्षा में भाग लेंगे, ताकि प्रशासनिक सेवाओं में जाकर देश और समाज की और बेहतर ढंग से सेवा कर सकें।
सक्षम के पिता राम बहादुर राजपूत बदायूँ कोषागार में सहायक कोषाधिकारी के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी माता प्रतिभा सिंह बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय, मझिया में शिक्षिका के रूप में अपनी सेवाएँ दे रही हैं। बेटे की इस कामयाबी पर बाबा बद्री सिंह, दादी रेशम देवी, नाना ओमप्रकाश राजपूत और नानी शीलवाला सहित पूरे परिवार और नाते-रिश्तेदारों में जश्न का माहौल है। बधाई देने वालों का उनके आवास पर तांता लगा हुआ है।
Budaun Amarprabhat