संवाददाता
उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम जाटी निवासी एक परिवार ने घर में चोरी होने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, रामकिशोर के भाई रक्षपाल पुत्र बालकराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि शुक्रवार रात अज्ञात व्यक्ति घर में दीवार फांदकर घुस गए। आरोप है कि कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, 17 हजार रुपये की नकदी तथा एक मोबाइल फोन लेकर चले गए।
परिजनों के मुताबिक, घटना के समय रामकिशोर खेत पर सिंचाई के लिए गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी ज्योति यादव घर के बरामदे में सो रही थीं। सुबह सामान बिखरा मिलने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी उसहैत देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा शीघ्र ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat