वजीरगंज। नगर पंचायत वजीरगंज स्थित विकलांग आश्रम में शनिवार को पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद डीपी यादव का जन्मदिन बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विकलांग आश्रम वजीरगंज एवं ओम बगलामुखी जन सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के तमाम समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पूर्व मंत्री डीपी यादव के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना के साथ किया गया। इस अवसर पर ओम बगलामुखी जन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं आश्रम के अध्यक्ष उनीश पाल सिंह ने पूर्व मंत्री डीपी यादव को जन्मदिन की आत्मीय शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में डीपी यादव के लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जो जनहित के अनगिनत कार्य किए हैं, उन्हें क्षेत्र की जनता आज भी पूरी शिद्दत से याद करती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए समाज सेवा के कार्यों को और आगे बढ़ाने का दृढ़ संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर में खासा उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस जन्मदिवस समारोह में जिला पंचायत सदस्य सुनीरा सिंह गौर, आकाश शाक्य, चंचल यादव, आकाश कुमार, विनोद कुमार भारती, मुकेश कुमार, रमेश चंद्रपाल और दीपक सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में पूर्व मंत्री डीपी यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Budaun Amarprabhat