
लखनऊ, 8 सितंबर। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के बैनर तले पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से लखनऊ के ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पंचायत सहायक धरने में शामिल होने के लिए पहुंचे।
पंचायत सहायकों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें छह हजार रुपये मासिक मानदेय मिल रहा है। उनका कहना है कि इस मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल है, जबकि पंचायत स्तर पर उनसे विभिन्न विभागों से जुड़े कार्य कराए जाते हैं।
धरना दे रहे पंचायत सहायकों ने काम के अनुरूप मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की है। इसके साथ ही पंचायत सहायक की सेवा को अनुबंध के बजाय स्थायी किए जाने और मानदेय का भुगतान सीधे डीबीटी के माध्यम से किए जाने की मांग रखी गई है।
पंचायत सहायकों ने अपनी अन्य मांगों को भी पूरा किए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि मांगों के समाधान होने तक ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
Budaun Amarprabhat