दातागंज। जनपद बदायूँ के ग्रामीण अंचलों में तेज रफ्तार व्यावसायिक वाहनों की बेलगाम आवाजाही बेकसूरों की जिंदगी छीन रही है। ताजा मामला दातागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव पड़ेली का है, जहाँ शनिवार शाम को एक तेज रफ्तार दूध से भरी पिकअप गाड़ी ने पैदल जा रहे 35 वर्षीय किसान को कुचल दिया। इस भीषण सड़क हादसे में किसान की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़ेली निवासी अमर सिंह उर्फ दुर्वेश (35 वर्ष) शाम के समय अपने खेत से काम निपटाकर पैदल घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के संपर्क मार्ग पर पहुंचा, तभी सामने से आ रही दूध से भरी एक अनियंत्रित पिकअप के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और अधिक खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। जैसे ही मौत की मनहूस खबर किसान के घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर दातागंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat