बाइक मालिक ने थाने में दी तहरीर, पुलिस ने शुरू की जांच
इस्लामनगर (बदायूं)। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने खड़ी एक युवक की बाइक चोरी हो गई। बाइक चोरी की घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला वमनपुरी निवासी अनूप कुमार किसी काम से पंजाब नेशनल बैंक आए थे। उन्होंने अपनी हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक बैंक के दरवाजे के सामने खड़ी कर दी और अंदर काम निपटाने चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब थी।
अनूप कुमार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर बाइक चोरी की तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस ने बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें बाइक चोरी की घटना दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान और तलाश में जुटी है।
Budaun Amarprabhat