Breaking News

18 शिक्षकों के ग्रेड पे में बदलाव का मामला, दो लिपिकों को नोटिस

Spread the love

बदायूं। बेसिक शिक्षा विभाग में विकास क्षेत्र आसफपुर के 18 शिक्षकों के ग्रेड पे में बदलाव का मामला सामने आया है। अगस्त 2026 के वेतन बिल में संबंधित शिक्षकों का ग्रेड पे 4800 रुपये से घटकर 4600 रुपये दर्ज होने के बाद मामला विभाग के संज्ञान में आया। प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में सांकेतिक धरना देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।

संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने अधिकारियों के समक्ष शिक्षकों की समस्या रखी। संघ की ओर से ग्रेड पे में हुए बदलाव की जांच कराकर आवश्यक सुधार की मांग की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) मुनीष कुमार श्रीवास्तव ने आसफपुर के वरिष्ठ सहायक राहुल यादव और बदायूं कार्यालय से संबद्ध लिपिक शकील अहमद को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नोटिस में दोनों कर्मचारियों से ग्रेड पे में हुए बदलाव के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। वरिष्ठ सहायक राहुल यादव से बिल लॉक किए जाने के बाद ग्रेड पे में बदलाव और इसकी जानकारी संबंधित पटल सहायक को दिए जाने के संबंध में जवाब मांगा गया है। वहीं लिपिक शकील अहमद से कटे हुए ग्रेड पे वाले बिल को लॉक किए जाने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

दोनों कर्मचारियों को दो दिन के भीतर संबंधित साक्ष्यों के साथ अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बाल विवाह के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र के फैसले का स्वागत

Spread the loveबदायूं। बाल विवाह के खिलाफ जमीनी स्तर पर अभियान चला रहे काशी समाज …