
उझानी। मानवता सहायता कल्याण फाउंडेशन, बदायूं की ओर से आयोजित भव्य सम्मान समारोह में एपीएम पीजी कॉलेज उझानी के राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह और अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शुचि गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर दोनों शिक्षकों को शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के.ए. पीजी कॉलेज कासगंज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अशोक रुस्तगी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के डीन डॉ. मनवीर सिंह मौजूद रहे। समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे विद्वानों ने हिस्सा लिया और अपने विचार रखे।
फाउंडेशन की निदेशक डॉ. कृष्णा एवं मुख्य अतिथि डॉ. अशोक रुस्तगी ने डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह और डॉ. शुचि गुप्ता को सम्मान प्रदान किया। डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह को पिछले करीब 15 वर्षों से महिला सशक्तिकरण और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. त्रिवेन्द्र ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर साहित्य का भी सृजन किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार और समाज में उचित सम्मान दिलाने की दिशा में प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। समारोह में उपस्थित विद्वानों एवं अतिथियों ने दोनों शिक्षकों को सम्मान के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
Budaun Amarprabhat