बरेली। नैनीताल मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडेय ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद आचार्यों और छात्र-छात्राओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
प्रधानाचार्य ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, सत्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat