
बदायूं। गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड सोसाइटी इन इंडिया’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय सेमिनार का शनिवार को सफल समापन हुआ। सेमिनार में विशेषज्ञों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव, उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से विचार रखे।
सेमिनार के दूसरे दिन विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षकों और शोधार्थियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। प्रथम और द्वितीय सत्र में रिसोर्स पर्सन के रूप में डॉ. निशी अवस्थी, प्रो. वंदना शर्मा, प्रो. बृजेश कुमार और प्रो. सुनील कुमार ने व्याख्यान दिए।
मुख्य वक्ता प्रो. वंदना शर्मा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का ज्ञान बेहद जरूरी हो गया है। एआई शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, संचार और रोजगार जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं पैदा कर रही है। हालांकि, इसका इस्तेमाल नैतिकता और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
प्रो. बृजेश कुमार ने एआई की कार्यप्रणाली और भारतीय समाज पर इसके प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने उदाहरणों और स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से इसकी उपयोगिता और चुनौतियों को समझाया।
प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. विशाल रस्तोगी और सचिव डॉ. गौरव रस्तोगी ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और तकनीकी जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण हैं। सेमिनार में डेटा सुरक्षा, गोपनीयता और एआई के नैतिक उपयोग जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आधुनिक तकनीक से परिचित कराना और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना रहा। अंत में सेमिनार संयोजिका डॉ. इति अधिकारी ने अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
Budaun Amarprabhat