बदायूँ की मधु प्रिया चौहान को मिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान
बदायूँ। विश्व शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा के भिवानी स्थित हनुमान जोहड़ी धाम में भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। युवा जागृति एवं जन कल्याण मिशन ट्रस्ट तथा महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 13 राज्यों के 133 शिक्षकों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
महंत चरणदास के पावन सानिध्य में आयोजित समारोह की अध्यक्षता हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने की। कार्यक्रम में बदायूँ की शिक्षिका मधु प्रिया चौहान को शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘महात्मा ज्योतिबा फुले राष्ट्रीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान 2026’ से नवाजा गया।
समारोह के मुख्य अतिथि भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि शिक्षा और सेवा समाज के दो सबसे मजबूत स्तंभ हैं। शिक्षकों का सम्मान समाज की नींव को सुदृढ़ करता है और नि:स्वार्थ समाजसेवियों को पहचान देना पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है।
विशिष्ट अतिथि जन दृष्टि व्यवस्था सुधार मिशन के अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ (एडवोकेट) ने कहा कि शिक्षक केवल राष्ट्र का ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के चरित्र का निर्माण करता है। हरियाणा एससी आयोग की उपाध्यक्ष रेनू डाबला, माटी कला बोर्ड चेयरमैन अनूप सिंह व मेडिकल कॉलेज निदेशक डॉ. धीरज परिहार ने भी विचार रखे।
समारोह में जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, दिल्ली, यूपी, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र समेत 13 राज्यों से आए 133 प्रतिभाओं को मंच से सम्मानित किया गया। अंत में महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी एवं धर्म चन्द्र शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार जताया।
Budaun Amarprabhat