चोरी के आभूषण और 50 हजार रुपये की नकदी के साथ वांछित महिला गिरफ्तार सिविल लाइंस पुलिस ने की कार्रवाई, सोने की बेसर समेत चांदी के जेवर बरामद
बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने चोरी के मामले में फरार चल रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को महिला उपनिरीक्षक सरिता चौधरी ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर वांछित महिला रिजवान पत्नी रफात हुसैन निवासी कांशीराम कॉलोनी, ककराला को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक चांदी का कमर बिछुआ, दो चांदी के खंडुवे, एक सोने की बेसर (नथुनी) और 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, महिला के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज था। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
Budaun Amarprabhat