जलभराव और जर्जर सड़क से परेशान मोहल्लेवासियों का फूटा आक्रोश ईओ को सौंपा ज्ञापन, जल निकासी और सड़क निर्माण की उठाई मांग
सहसवान। नगर पालिका परिषद सहसवान के मोहल्ला जहांगीराबाद में जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। गुरुवार को एक दर्जन से अधिक मोहल्लेवासियों ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन अधिशासी अधिकारी को सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, पिंटू के मकान से गजराम और रघुनाथ के घर तक मुख्य मार्ग पर लंबे समय से गंदा पानी भरा हुआ है। नालियों से पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने और सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। लोगों ने बताया कि जलभराव के कारण कई बार राहगीर फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ज्ञापन के माध्यम से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई। इस दौरान पिंटू, कल्लू, अनीश, धर्मपाल, गंगा दयाल और रोहित सहित अन्य मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat