खराब सोनपापड़ी की शिकायत पर जांच करने पहुंची खाद्य विभाग की टीम दुकानें बंद मिलने से नहीं हो सकी जांच, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने लिया मामले का संज्ञान
कुंवरगांव। भैया दूज पर खरीदी गई पैक्ड सोनपापड़ी की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया। गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार टीम के साथ कस्बे में जांच करने पहुंचे। हालांकि, संबंधित मिष्ठान दुकानों के बंद मिलने के कारण टीम को जांच में सफलता नहीं मिल सकी।
जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी राहुल रस्तोगी ने भैया दूज के अवसर पर एक स्थानीय मिष्ठान भंडार से नामी ब्रांड की पैक्ड सोनपापड़ी खरीदी थी। घर पर डिब्बा खोलने के बाद मिठाई की गुणवत्ता ठीक न होने की बात सामने आई। उन्होंने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर दीं। मामला सामने आने के बाद गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची, लेकिन दुकानें बंद मिलीं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि शिकायत और प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर टीम मौके पर गई थी। दुकानें बंद होने के कारण जांच नहीं हो सकी। जरूरत पड़ने पर आगे भी जांच की जाएगी।
Budaun Amarprabhat