पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़क की जल सारथी ऐप पर करें शिकायत, होगी मरम्मत फोटो और वीडियो अपलोड कर ग्रामीण घर बैठे दर्ज करा सकेंगे शिकायत, 5,328 किमी सड़क की हो चुकी बहाली
बदायूं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर अब ग्रामीण घर बैठे शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए जल सारथी ऐप पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ग्रामीण क्षतिग्रस्त सड़क की फोटो और वीडियो अपलोड कर संबंधित विभाग तक अपनी शिकायत पहुंचा सकते हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी मरम्मत की कार्रवाई करेंगे।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में पेयजल योजनाओं के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 5,334 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी। इनमें से 5,328 किलोमीटर सड़कों की पुनर्स्थापना कराई जा चुकी है। शेष सड़कों की मरम्मत का कार्य जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्व की स्थिति में बहाल करना कार्यदायी एजेंसियों की जिम्मेदारी है। मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर भी निगरानी रखी जा रही है।
अधिशासी अभियंता इंजी. अमित कुमार वर्मा ने बताया कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति का कार्य लंबित है, वहां प्राथमिकता से काम पूरा कराया जा रहा है। साथ ही सड़क पुनर्स्थापना और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Budaun Amarprabhat